Wednesday, October 18, 2017

दीवाली

जो दीप सदा उदीप्त रहे उस कुंदन-लौ सा जलना है
इस दीवाली राम सरीखे स्व-कुटुंब को चलना है

हम पर्वों के धर्म-रीति के साथ प्रतीकों को समझें
काम क्रोध मद लोभ तमस का वध कर निश्छल बनना है

Monday, October 16, 2017

ग़ज़ल - 32

चलते-चलते यूँ ही रुक जाता हूँ
रुकते-रुकते आगे बढ़ जाता हूँ

मुझसे सब बचकर निकल जाते हैं
फ़रियादी दुनिया को नज़र आता हूँ

सारा कमरा उजाड़ देता हूँ
बेतरतीबी में सुकून पाता हूँ

मेरी सदाएँ नहीं पहुँचती तुम तक
मैं अपने शेरों से तुम्हें बुलाता हूँ

"जा जा जा जा बेवफ़ा"
बेख़याली में अक्सर गुनगुनाता हूँ

एक चीज़ को एक बार ही करता हूँ
धोखा हर बार नया खाता हूँ

Saturday, October 14, 2017

ग़ज़ल - 31

क़तरा-क़तरा तिश्नगी से भर जाइये
हर तरफ़ सहरा है किधर जाइये

आपको देखकर क़ाबू में नहीं हैं
मुमकिन है आप हमसे डर जाइये

ख़ुशबू पैरहन में ओढ़कर मिलने गये
और वो कहते हैं थोड़ा सँवर जाइये

वो इठलाना, वो गुंजाना, वो उड़ जाना
कोई तितलियों से कह दो सुधर जाइये

बेवजह गिला करना उनकी आदत है
दुनिया इतनी ख़राब है तो मर जाइये

Friday, October 13, 2017

ग़ज़ल - 30

लम्हा लम्हा कट रही है
ज़िन्दगी जैसे बट रही है

मेरे ख़्वाब तेरे साये से लिपटे
मेरी हद तेरी चौखट रही है

तू मेरी बाहों में भी
किसी और से लिपट रही है

दफ़अतन तेरे क़रीब आता हूँ
तू मेरे सामने से हट रही है

आहिस्ता-आहिस्ता ख़्वाब दूर हो रहा है
तू मेरे अंदर भी सिमट रही है

तेरा अक्स दरिया-ए-सराब था
धुंध जैसे छट रही है

तसव्वुर में तेरा शमीम-ए-बदन
पलक आंखों से सट रही है

मोहब्बत का तेरे मक़बरा है
ज़िन्दगी जैसे मरघट रही है

रात बड़ी बेचैन गुज़री क्या
चादरों पे सिलवट रही है

आइना लेकर खड़ी रहती है
ज़िंदगी बड़ी मुँहफट रही है

Wednesday, October 11, 2017

ग़ज़ल - 29

वो शराब सबमें बाँट देता है
ज़हर को ज़हर काट देता है

खुशियों की गर्द उड़ रही है क्या
आँसू भी मिट्टी पाट देता है

इतना आसाँ नहीं होता वापस जाना
रिश्ता टूट कर जुड़ता है तो गाँठ देता है

ख़ुदा भी अपने बंदों में फ़र्क़ करता है
सबको चुनता है मुझको छाँट देता है

Tuesday, October 10, 2017

ख़त

याद है तुम्हें
वो हमारे बीच ख़तों का सिलसिला
वो भी क्या दौर था
कच्चे जज़्बातों का दौर
वो एक खूबसूरत नक़्क़ाशी के काग़ज़ का चुनना
और उसपे इत्र की स्याही से हर्फ़-दर-हर्फ़ ख़्वाबों को उकेरना
हर शब्द में जैसे खुशबू लिखा हो
वो इंतज़ार ख़तों का
वो सब्र का दौर
बोहोत कुछ सिखाता है

हर ख़त के आख़िर में तुम्हारा एक शेर
और मेरे हर ख़त में उसका जवाब
बहर में लिखते-लिखते बोहोत लम्बी ग़ज़ल हो गयी

अब तुम नहीं हो
तो कभी-कभी खोल लेता हूँ उन ख़तों को
उनको हवा तो लगे
शब्द बदले-बदले से मालूम पड़ते हैं
रंग ज़र्द पड़ता दिखाई देता है ख़तों का
ठीक हमारे रिश्ते की तरह
कोई दस्तावेज़ मालूम पड़ते हैं ये, किसी पुरानी सल्तनत के
जिसमे एक राजा और एक रानी हुआ करते थे
मैं पढ़ता हूँ इनको कभी-कभी
लफ्ज़-दर-लफ्ज़ झूठ लिखा है

क्यों छोड़ गई तुम इन्हें मेरे पास
क्या मोहब्बत की वसीयत थे ये ख़त मेरे नाम

आकर ले जाओ कभी तुम
इन मुर्दा ख़तों को

Thursday, September 28, 2017

ग़ज़ल - 28

सीपियों में बंद कोई सितारा करके
ले आओ तुम समंदर से किनारा करके

आसमाँ को रश्क़ होगा हमसे आज
पास मेरे तुम रहो शरारा करके

मुझको अपने आगोश में लौट जाने दो
ले आऊंगा ख़ुद को मैं तुम्हारा करके

बहकने की इजाज़त चाहता हूँ तुमसे
और फिर जो तुम कहो गवारा करके

कायनात सो चुकी मैं भी सो जाऊंगा
कुछ देर तुम्हारे रुख़ का नज़ारा करके

महफ़िलों में जी नहीं लगता मेरा
तुम मुझे बुला लेना इशारा करके

जाते वक्त यक़ीनन दोनो रो पड़ेंगे
आँसुओं से आँसुओं को खारा करके

फिर तुम्हारी आँख से टपकूँगा मैं
तुम्हारी गोद में इक ख़्वाब प्यारा करके

फिर किसी ज़िन्दगी में हम मिलेंगे
अपने इसी रिश्ते को बहारा करके

Monday, September 25, 2017

कहाँ से हो

कभी कभी सोच में पड़ जाता हूँ
जब कोई पूछता है, कहाँ से हो?

जवानी लख़नऊ की है
बचपन इलाहाबाद का
और जड़ें बिहार की

जड़ें तो अवचेतन में हैं
जवानी जल्दबाज़ी और जुनूनीयत में
बचपन बड़ा सुहाना था।

Saturday, September 23, 2017

ग़ज़ल - 27

ज़बाँ पे रखा हुआ अज़ाब देख लूँ
सोचता हूँ मैं तेरा जवाब देख लूँ

काट डालो मुझको तुम हज़ार टुकड़ों में
चाहता हूँ आज तेरा इंक़लाब देख लूँ

मेरे अंदर का तूफान थम गया है
आ तेरे अंदर का गिर्दाब देख लूँ

दूर से करना मुझसे तिजारती बातें
गिरफ़्त में आ जाऊँगा गर बे-हिजाब देख लूँ

होश जानती है तू नाफ़े का सौदा नहीं
नींद फिर भी चाहेगी तेरा ख़्वाब देख लूँ

रातों में निकलो पर नक़ाबों में ढककर
भेड़िया चाहता है बस माहताब देख लूँ

क्यूँ चर्चा है क्या बात बेख़ुदी में
ला मैं थोड़ी सी शराब देख लूँ

Thursday, September 21, 2017

ग़ज़ल - 26

इक बोझ वो हमसे उठाया न गया
तेरे झूठ का सर से साया न गया

इस तरह तोड़ के सब रिश्ते मैं
ऐसा गया के फिर आया न गया

सारी यादों की पोटली बाँध ली है
सरमाया तुझपे कोई ज़ाया न गया

तुझको रक़ीब की बाहों में जाते देखा
यूँ लब सिले थे के बताया न गया

तुझपर हाथ उठाना मेरी इंतेहा थी
इतना कम-ज़र्फ़ था के मर जाया न गया

Saturday, September 16, 2017

मुम्बई

वो शहर याद आता है

अनवरत चलती रेलों में
मौजों की थपेड़ों में
एक शहर है जो कभी सोता नहीं है
जागते सपनों को कभी खोता नहीं है

ये शहर बोहोत ही अमीर है
यहाँ भेद-भाव की न कोई लकीर है
ये सबको समाविष्ट करती है
हक़ बराबर का सबको देती है

इस शहर के बाशिंदे सब
चैन से सोते हैं
सपनों को हक़ीक़त करने में
पाँव जो थके होते हैं
मुफ़्लिसी हो या लाचारी
यहाँ ख़्वाब बड़े ही होते हैं

यहाँ ज़िन्दगी चलचित्र और नाटक संजीदा हैं
यहाँ इंसान सुलझे पर अरमान पेचीदा हैं

ये शहर नहीं एक जज़्बात है
हर रंग के यहाँ एहसासात हैं

वो एक वैसा शहर याद आता है

Friday, September 15, 2017

बाज़ी

याद है तुम्हें
हम दोनों कितने प्रतिस्पर्धी हुआ करते थे
कोई भी क्षेत्र हो, या कोई खेल हो
स्क्रैबल, पत्ते, कैरम, शतरंज...
तुम्हारे शब्दों की पकड़ तुम्हे स्क्रैबल में काम आती
मेरे हाथों की सफ़ाई पत्तों में
कैरम का शुरू होना मतलब तंज़ और छींटाकशी का दौर
शतरंज में चालें वापस लेने की ज़िद
जीतने की सरगर्मी हम दोनों में रहती

जाने कब ये प्रतिस्पर्धा खेलों से निकल कर हमारी ज़िंदगी में आ गयी
जो बातें हमें एक दूसरे पर गर्व महसूस कराती थीं, अब वो खटकने लग गयीं
एक दूसरे की उप्लब्धियाँ कब अहम को चोट पहुँचाने लग गयीं, पता ही नहीं चला

अब तुम नहीं हो
तो खेल में वो मज़ा नहीं है
वो जुनून, वो मज़ाक, वो ज़ीस्त नहीं है
हाँ रिश्ता अब भी है तुमसे
किसी का साथ न होना उस रिश्ते की अपूर्णता तो नहीं
एक तत्व का रिश्ता अब भी है तुमसे, एक सूक्ष्म सतह पर

अब भी कई बार तुम्हारे साथ कोई बाज़ी खेलता हूँ, अकेले ही
तुम्हारी सब चालें तो पता ही हैं मुझे...
तुमसे अच्छा खेलता हूँ तुम्हारी बाज़ी

आकर देखो तो कभी तुम
कितना हारा हुआ हूँ मैं

Thursday, September 14, 2017

दुआ

याद है तुम्हें
जब भी तुम बीमार पड़ती थी
तो मैं कितना घबरा जाता था
भाग कर दवा लाना, खाना लाना

पर जब मैं बीमार पड़ता था
तुम बिल्कुल शाँत रहती थी
कहती थी - सब ठीक हो जाएगा
और दूसरे कमरे में जाकर
नम आंखों से दुआ करती थी
के मैं जल्दी ठीक हो जाऊँ

अब तुम नहीं हो
तो क्या इतना कर सकती हो -
मेरे लिए दुआ माँग लो
में ठीक ही नहीं होता
शायद तुम ज़्यादा पसंद हो उसे
या शायद मुझे वो ज़बान नहीं आती -
खामोशी की, आँसुओं की, शिद्दत की
या शायद मेरा इलाज ही मुश्किल है
शायद उसको हाथों में भी नहीं
शायद मेरी दवा तुम हो

Friday, September 8, 2017

अकेले शेर - 6

उड़ते-उड़ते बादल पे सवार हो गए
पानी की सतह थी बौछार हो गए

उसने गोया भरी महफ़िल में हमें
ऐसे देखा के जैसे पार हो गए

Thursday, September 7, 2017

ग़ज़ल - 25

ये जो दर्द की तुग़्यानी है
यानी मेरी ज़िंदगानी है

तेरे फ़ासले का हासिल हूँ
मेरी मंज़िल की कहानी है

तेरी आँखों का आँसू भी
मेरी आँखों का पानी है

इक मिटटी का खिलौना है
इक बच्चे की शैतानी है

मुझको अपना दोस्त बतलाना
तेरे नफ़रत की निशानी है

शमा तो जलती रहती है
परवाने की क़ुर्बानी है

मौत की ज़द में सब रहते हैं
मेरी तो आसानी है

उथला-उथला रहता हूँ
समंदर मेरा सानी है

मैं तेरा दीवाना हूँ
तू अपनी ही दीवानी है

सबके पास देने को नसीहत
जाने क्या परेशानी है

दिल पे चाक लबों पे फ़िक़रे
शायर की निशानी है

संभल गए तो परवरिश है
बहक गए तो जवानी है

हर काम भला है दुनिया में
पर इश्क़ बड़ी नादानी है