Friday, September 1, 2017

ग़ज़ल - 24

दर्द के मौजों पे खुद को सवार मत करना
ऐ मेरे हमराह तू मुझसे कभी प्यार मत करना

ये राह लग सकती है तुझको फूल-ओ-शबनम सी
पर साथ बिछे काटों पे खुद को फ़िगार मत करना

ऐसा नहीं कि मैं तुम्हे बेशुमार न चाहूँगा
पर मेरी हर इक बात का ऐतबार मत करना

एक मुद्दत का वक़्त हो तो सोच सकते हो
जल्दबाज़ी में हो तो किसी का इंतज़ार मत करना

शर्त नहीं रखी जाती हुस्न के दामन में
बाज़ार में आये हो व्यापार मत करना

वस्ल, बोसा, हिज्र, आँसू, दर्द, तोहमत और क़त्ल
प्यार से जो कुछ मिले इनकार मत करना

तुम्हारे दर्द की लज़्ज़त से भी महरूम हो जाये
किसी को, ऐ सितमगर, इतना भी लाचार मत करना

वो जब पहलू में आते हैं बेज़ार हो जाते हैं
खुशबु लेना, फूल को इख़्तियार मत करना

ना बनाओ आलिम इन दश्त-बाशिंदों को तुम
इन खूबसूरत लोगों को तुम बेकार मत करना 

Wednesday, August 23, 2017

मैं

मैं हर्फ़ भी हूँ मैं शब्द भी हूँ
मैं मुखर भी हूँ निःशब्द भी हूँ

मैं द्वंद भी हूँ मैं ख़ुदी भी हूँ
मैं होश भी हूँ बेख़ुदी भी हूँ

मैं मैं ही नहीं मैं तुम भी हूँ
मैं पास तेरे और गुम भी हूँ

मैं सब कुछ हूँ और कुछ भी नहीं
मैं झूठ भी हूँ मैं सच ही नहीं

मैं कश्ती हूँ मैं नदी भी हूँ
तुम जिस पे सवार वो सदी भी हूँ

ये देह मेरे सब एक नही
मैं देह-ओ-कालातीत भी हूँ

मैं हरा भी हूँ भगवा भी हूँ
ईश्वर भी हूँ अल्लाह भी हूँ

मैं खिला हुआ जो कुमुद की तरह
मैं मर कर गिरता वृक्ष भी हूँ

मैं छंद भी हूँ स्वच्छंद भी हूँ
प्रारंभ भी हूँ मैं बंद भी हूँ

मैं एक चराचर निर्मोही
मैं सर पर चढ़ता दंभ भी हूँ

मैं किन्तु हूँ यानी भी हूँ
मैं भिक्षु हूँ दानी भी हूँ

मैं क्रिया भी हूँ कर्ता भी हूँ
संहरता हूँ धरता भी हूँ

मैं चारों दिशाओं में बजता
मैं अंतर्नाद की ध्वनि भी हूँ

Sunday, August 20, 2017

ग़ज़ल - 23

लाद के आलिम-पैराहन
मुरझा जाता है बचपन

एहसासों पे गुमाँ-पोशी
जब छा जाता है सयानापन

आशाओं की पुर्वाई में
सिमट सा जाता है बचपन

अहद-ए-हिसाब बा-फ़ुज़ूल
उम्र बता देता दर्पण

तितली गिनता था बचपन
रिश्ते गिनता है सयानापन

क़ैद-ए-अना में सयानापन
पतंग उड़ाता था बचपन

जब किसी की याद में रोते हो
तो कहाँ जाता है सयानापन

जिन गलियों को छोड़ आए
अब लौट के जाना पागलपन

इक बच्चे को हसाने में
आ जाता छण को बचपन

दीन-ओ-मोहब्बत का एक उसूल
कर देना ख़ुद को अर्पण 

Saturday, August 5, 2017

ग़ज़लें

याद है तुम्हें
जब भी मैं कोई ग़ज़ल लिखता था
आधा-अधूरा, एक मिसरा भी
तो सबसे पहले तुम्हें सुनाता था
और पूछता था कि कैसा लिखा है

तुम बड़े चाव से सुनती
और कुछ देर चुप रहती
फिर कहती - "किस से सुनना चाहते हो?
एक दोस्त से या एक आलोचक से?"

और मैं कहता - "दोस्त से।"
क्योंकि मुझे पता रहता,
अगर आलोचक कहूँगा तो तुम कहोगी -
"अच्छा लिखा है, पर गहरा नहीं है।
उपमाएं हैं, पर रूपक नहीं हैं।
क़ाफिये हैं, पर ज़ेहनी नहीं है।"
"हाँ तो फिर तुम ही लिख लेती।"
"तो फिर ये नुक्ताचीनी का सुख कैसे मिलता।"
पर मैं जानता था, कि तुम्हें लेखनी की अच्छी समझ है
शेर-ओ-शायरी की सराहना का स्तर बोहोत ऊंचा है
पर फिर भी तुम मेरा ढाढस बंधाती

और जब भी मैं कहीं अटक जाता
वो एक शब्द जो ज़ेहन तक आकर ढल नहीं पाता
तो मैं तुम्हारे पास जाता
और तुम वो एक मुक़म्मल शब्द ढूंढ़ कर ले आती
और मेरी ग़ज़ल पूरी हो जाती

तुम मेरी ग़ज़लकारी के लिए वैसे ही ज़रूरी -
जैसे श्रृंगार के लिए माथे पे टीका,
आंखों के लिए सुरमा और कानों के लिए बाली।

आकर देखो तो कभी तुम,
कितनी ग़ज़लें बदसूरत पड़ी हैं।

Sunday, July 30, 2017

ग़ज़ल - 22

तन्हाई में ये ख़याल आता है
क्या पाने से सुकूँ आता है

क्या होने से गुमाँ बढ़ता है
क्या खोने से मलाल आता है

किताबें पढ़ लीं क्या हुआ हासिल
गैरों के ख़्याल से क्या नाता है

कुछ कर गुज़रेंगे इस दुनिया में
पल भर को ही जुनूँ आता है

सच की निगाहों से दुनिया देखी
शीशे में बूढ़ा बाल आता है

कोई इश्क़ ज़रूरी है जीने को
तूफाँ से नदी में उछाल आता है

तुम जीने की वजह लौटा दो
साँस लेना बहरहाल आता है

सच्ची सूरत, झूंठे आँसू
ये हुनर तुम्हे बा-कमाल आता है

सियासी रोटी सेंकनी हो तो
रक्त का ईंधन इस्तेमाल आता है

ख़्वाब-ए-इशरत की ज़द में
इंसाँ घर क्यूँ पामाल आता है

गो खुद को उलझा के दिलासे देना
के दुनिया में तू बड़ा काम आता है

Friday, July 28, 2017

ग़ज़ल - 21

अपनी-अपनी म्यान से शमशीर उघाड़ दो
मैंने नक़ाब उतार दिया तुम भी उतार दो

क़ातिल पहन के आये हैं हमदर्द का चोला
तुम भी मरहम बनो और ख़ंजर को धार दो

तहय्युर में देखते हैं उनका नाला-ए-मज़ालिम
इस जलवा-ए-अदाकारी के लिए कोई पुरस्कार दो

इस सक़ाफ़त में जीना है तो बेड़ियाँ पहन लो
और पैसों के एवज़ में अपनी ज़िन्दगी उधार दो

जो मैं नहीं मक़सूद-ए-मुहब्बत न सही
उसका तो घर बसा उसे चार कहार दो

सब रिश्ते ताक पे रखकर इश्क़ में हो गए कुर्बां
काम बड़ा किया है इन्हें खुद की मज़ार दो

ये दिल है मेरा कभी सौदा किया करे कोई
बे-क़ीमत जानकार न तुम ऐसे नकार दो

देखा जो हमने मुफ़्लिसी-ए-उल्फ़त का ज़माना
हमने तो यही ठाना के हर शख़्स को प्यार दो 

Sunday, June 4, 2017

शतरंज

याद है तुम्हें, हम दोनों अक्सर शतरंज की बाज़ी खेला करते थे
तुम्हें 'डिफेंसिव' खेलना पसंद था और मुझे 'अटैक'
शायद हमारे व्यक्तित्व की ही ये परछाइयाँ थीं

अक्सर तुम अपने अहम मोहरे बड़ी चालाकी से मेरे सामने खोल देती
और मैं नादान सा उन्हें हासिल कर लेता, उसे तुम्हारी गलती समझ कर
और कुछ ही चालों बाद हार जाता

अपनों को बेवजह कुर्बान करके जीतना मेरी फ़ितरत में नहीं था
पर तुम हँसकर कहती - मोहरें अहम नहीं हैं, बाज़ी है

आकर देखो अब कभी तुम खेल मेरा
सबसे पहले रानी मरवा देता हूँ

Friday, June 2, 2017

घर

याद है तुम्हें, हमने एक घर बनाया था
जिसकी चार दीवारों को अपने हाथों से सजाया था

इक दीवार जिसपे चाहत उकेरी थी
इक दीवार जिसपे गुलदान सजाया था
इक दीवार जिसपे ग़ालिब और कीट्स छपे थे
पर इक दीवार जिसको काला रंगवाया था

जब भी हममें से कोई रूठ जाता
तो बिस्तर का सिरा उस काली दीवार की तरफ कर देता

अक्सर यूँ होता कि मैं सिरा चाहत की तरफ घुमाता
अक्सर तुम थक जाती उसे सियाह दीवार की तरफ करते

आकर देखो तो कभी तुम
चारों दीवारें काली रंगवा दी हैं 

Tuesday, May 30, 2017

ग़ज़ल - 20

जाने किस गुमान में बैठा है
इश्क़ अपने अंजाम पे बैठा है

उसकी आँखों में वफ़ा झोंककर
हुस्न बेईमान सा बैठा है

लैला की गली की ख़ाक छानकर
मजनू हलकान सा बैठा है

मेरी बर्बादी बनकर वो मुझमें
मेरी पहचान सा बैठा है

वो खुद ही अपनी हार मानकर
मुझपर एहसान सा बैठा है

ग़म-ए-फ़िराक़ का तोह्फ़ा देकर
मुझपर दान सा बैठा है

अपनी साँस से झगड़ा कर कर
वो मेरी जान सा बैठा है

वो मेरी इस दुनिया का ही नहीं
मेरे दो जहान सा बैठा है

अब बरसों बाद वो मेरे रू-ब-रू
बस जान-पहचान सा बैठा है

सीनों में शोला भड़काकर
वाइज़ नादान सा बैठा है

वो फ़तवा जारी कर के गोया
दौर-ए-फ़रमान सा बैठा है

प्यादों को आगे कर कर
राजा आराम से बैठा है

अधूरी किताबें पढ़ने वाला
मौत के सामान सा बैठा है

बस्तियों में आग लगाकर
शहर श्मशान सा बैठा है

इक औरत पर हाथ उठाकर
आदमी बलवान सा बैठा है

कमाल-ए-ज़ब्त ये है वतन का
फ़ितना-गर मेहमान सा बैठा है

चैन से सो जाओ के सरहद पर
सिपाही दरबान सा बैठा है 

Friday, May 26, 2017

समय

ये ज़िन्दगी क्या है
ये जो याद है क्या वो ज़िन्दगी है
या जो खो गया है और जो पाने वाला है
उसके बीच में है

पर मध्य किधर है
समय की मूलभूत इकाई क्या है
उसके तो निरंतर टुकड़े हो सकते हैं

तो आज किधर है
अभी है! पर अभी तो बीत गया
अभी-अभी
फिर से
कैसे पकड़ेंगे इसे

जो कल था उसका अस्तित्व ही नहीं
सिर्फ प्रतिफल है
जो होने वाला है वो घटा ही नहीं
वो ओझल है

समय के खेल में क्या पा रहे हैं?
क्या समय माया है?
क्योंकि इसका एहसास सापेक्ष्य है, रेलेटिव है
प्रकाश की गति पे समय बदलने लगता है
तो क्या समय की इकाई भी स्थायी नहीं है ?

तो फिर समय क्या है?
अगर ये ज़िन्दगी का चौथा आयाम है
तो फिर ज़िन्दगी क्या है?

Tuesday, May 16, 2017

ग़ज़ल - 19

ये हुक्म है मेरा, कोई अर्ज़ी नही
तू जुदा हो मुझसे ये मेरी मर्ज़ी नही

तू चुप है तो ये आलम है दिल का
के बिजली गिरी है मगर गरजी नही

तुझे रोक लूँ के इश्क़-ए-बे-कराँ है तुझसे
बात मतलब की तेरे है मेरी ख़ुदगर्ज़ी नही

बादशाहत और फ़क़ीरी में तेरे होने का अंतर
और चाक गिरेबाँ सी सकूँ मैं कोई दर्ज़ी नही

Tuesday, May 9, 2017

ग़ज़ल - 18

ये क्या है जो सवार है सर पर
किसी दिलकशी का ख़ुमार है सर पर
दो रोज़ जो हयात लायी है तेरे दर पर
तो मर के जाना है इस सदी को जी कर
उसका चेहरा जो मयस्सर हो आखों के भीतर
तो इबादत में पलकें झुक न जायें क्यूँकर
चलो हिजरत कर लो के घड़ी आयी है बर्बर
सितमगर ने कहा है अब वो नहीं उस जगह पर

त्रिवेणी - 2

इक ख़त लिखा खुद को मैने
कुछ सवाल पूछे, रिटॉरिकल
जवाब आया के ग़ालिब पढ़ते हो, दूसरा ख़त किधर है?

त्रिवेणी - 1

तुम हमपर ऐसे छपे
जैसे मेज़ पर चाय के धब्बे
रोज़ पोछता हूँ फिर प्याला रख देता हूँ

हिंदी-उर्दू

1.
साजन ने कहा ये सजनी से
तू मुझको फ़ूल सी लगती है
कहना तो चाहा उर्दू का पर बोल दिया अंग्रेज़ी का।

2.
इक रक्षक और इक दहशतगर्द, दोनो ही माओं के बेटे हैं
एक माँ ने बेटा जाया है, इक माँ का बेटा ज़ाया है