Tuesday, May 9, 2017

अकेले शेर - 5

बेफ़िक्री, बेनियाज़ी, किस्सा-ए-अहद-ए-गुज़िश्ता है
अब तो घरों से बस होली-दिवाली का रिश्ता है 

Friday, April 7, 2017

ग़ज़ल - 17

चेहरे से बिछड़ती लालियाँ
नब्ज़ों की सूखती डालियाँ

यूँ मर के ज़िंदा रहते हैं
जैसे सुनता रहे कोई गालियाँ

तमन्ना की हवस है रग-ए-जाँ में
बस दिखती रहें तेरी बालियाँ

मेरे माझी को किस ओर जाना है
मेरे माझी पे निगाह-ए-सवालियाँ

रस्म-ओ-रिवाज़ के जिस्म के बाहर
इंसाँ को मिलती है बहालियाँ

ग़ज़ल का कहना क्या है
बदहवासी, और उदासी, तालियाँ  

Tuesday, March 21, 2017

ग़ज़ल - 16

गोशे-गोशे में तेरे ये आज किसका फ़साना है
तू पहलु में मेरे है और बातों में ज़माना है

ये आँखें जो तेरी मिल नहीं रहीं मेरी आँखों से
मेरी नज़रों में तू है तेरी नज़रों में अफ़्साना है

आज तू एक ग़ज़ल जो पढ़ी जा चुकी है
आज तू एक शम्अ' जिसमें जल चुका परवाना है

ये बस्ती जल रही है आज दिल की और मैं चुप हूँ
ये चिंगारी किसी अपने के हाथों का लगाना है

वो दोनों मुस्कुराकर रु-ब-रु होते हैं उफ़ुक़ पर
चाँद और सूरज में बस तकल्लुफ़ी याराना है

के इंसाँ कुछ नहीं अपने ही कल का एक पुलिंदा है
के जीना बस तजुर्बों का मुकम्मल शायराना है

Thursday, March 16, 2017

ग़ज़ल - 15

ऐ रफ़ू-ए-दिल, हरकत तो दे
आँसू ही बहा, नफ़रत तो दे

बुत-परस्ती में खुद पत्थर बन
अपनी इबादत को मक़सद तो दे

झाड़ खुद को अना की गर्द से
दिल में निगहबानों को शिरकत तो दे

वो जिनके दम पे तू जिंदा है यहाँ
एहसान न मान, पर इज़्ज़त तो दे

जिसके जवाब के इंतज़ार में बैठा है
कमबख़्त उसके नाम एक ख़त तो दे

कितनी आसाँ हो गयी है दुनिया जानाँ
जीने की कोई जद्दोजहद तो दे

अपनी मसर्रत बिछा दूँ तेरे दामन पर
बद-बख़्त मुझे थोड़ी सी मोहब्बत तो दे

जुर्म-ए-मोहब्बत की पेशी में तूने
अपनी कहानी सुनाई, अब हक़ीक़त तो दे

ऐ संग-ए-दिल तेरी दुनिया में
कैसे जीना है मश्वरत तो दे

बोहोत बे-स्वाद हैं पकवान यहाँ माँ
अपने हाथों की रोटी की लज़्ज़त तो दे 

Wednesday, February 15, 2017

ग़ज़ल - 14

हमने ये कभी जाना ही नहीं
जीना फ़क़त मर जाना ही नहीं

के हंसा उड़ भी सकता है फ़लक में
फ़क़त दरिया उसका ठिकाना नहीं

वो खुशबू जिस्म की रूह से आती थी
रूह को पहचाना ही नहीं

क्या सबब दर पे दस्तक देने से
जब उसके घर जाना ही नहीं

दोनों हाथों से लुटा दो आरज़ू
मोहब्बत में फ़क़त पाना ही नहीं

अब हम तुम्हे याद क्यों नहीं करते
इसका तो कोई बहाना ही नहीं

मैं बा-ख़फ़ा हूँ, तुम बे-वफ़ा हो
तुमने जाना ही नहीं, मैंने माना ही नहीं

बे-गिला हो चुकी हो तुम मुझसे
जो रूठता ही नहीं, उसे मनाना ही नहीं

बोहोत इख़्तिलाफ़ है हममें-तुममें
तुम शमा हो, मैं परवाना ही नहीं

एक ही दामन थामे बैठे रहे
हर शख़्स ऐसा दीवाना ही नहीं

दिल-मोहल्ले में तुम रहती हो
मेरा तो आना-जाना ही नहीं

इक ख़त का जवाब इक हर्फ़ में आया
ईमानदारी का तो ज़माना ही नहीं

बुलंदियों पर अपना भी आशियाँ होता
वगरना हमने कभी ठाना ही नहीं 

Thursday, January 12, 2017

ग़ज़ल - 13

ये कैसा हाल बना रखा है
"हमने तेरा शोक मना रखा है"

ये घटाओं में कैसी ख़ामोशी है
"मेरे ग़म ने शोर मचा रखा है"

ये नदियों में ऊफ़ान सा क्यूँ है
"अश्कों ने सैलाब उठा रखा है"

ये फ़िज़ा में कैसी तन्हाई है
"हमने रिश्तों को निभा रखा है"

ये पंछी क्यों रो रहे हैं
"हमने हाल-ए-दिल सुना रखा है"

ये कलियों की इस्मत क्यूँ उजड़ी है
"भँवरों ने कोहराम मचा रखा है"

ज़िन्दगी कैसे गुज़र होगी अब
मौत का सामान तो जा रखा है

अब किसी ग़म की परवाह नहीं
फ़ुर्क़त-ए-ग़म को जो पा रखा है

फैसला तुमको भूल जाने का
हयात-ए-मक़्सद बना रखा है

Saturday, November 19, 2016

ग़ज़ल - 12

ये दिल किसी की मोहब्बत का तलबगार तो नहीं
नफ़रत ही चाहता है कोई बीमार तो नहीं

कोई डोर न टूटे एक रिश्ता तो कायम रहे
इश्क़ न हो, पर वहशत से इनकार तो नहीं

तुम अहल-ए-दुनिया के क़ासिम ठहरे
हम भी अपनी क़िस्मत से लाचार तो नहीं

ये वफ़ा की बातें कितनी बे-मानी हैं
ये इश्क़ है, कोई सौदा-ओ-क़रार तो नहीं

अब भी उतर आते हैं उनकी आँखों में हम
हिज्र-ए-पर्दा-नशीं कोई दीवार तो नहीं

ये देख के दुनिया में, ख़ुश-शक्ल बोहोत हैं
जी में आता है, ये अदाकार तो नहीं 

Sunday, November 13, 2016

चलो प्रणय की बेला है

चलो प्रणय की बेला है
जीवन निस्स्पन्द अकेला है

बैरागी मन को कीत-कीत
पलकों में भर कर मीत-प्रीत
अधरों पे धर कर गीत-गीत
सब बाधाओं को जीत-जीत

यह गीत यदि जो गाना है
तो राग मृदु बैठाना है
वीणा की तार सजानी है
ढोलक पर थाप बिठाना है

चलो विजय की बेला है
जीवन मृत्युंजय मेला है

यह पाथ बोहोत जो दुर्गम है
चलना इसपर मानव प्रण है
यह भव-सागर प्रलयंकर है
पर जीवन एक परिश्रम है

नर बाधाओं से हारे क्यों
पौरुष अपना ही मारे क्यों
रणभूमि का यह शंकर है
विपदा कदापि एक कंकड़ है

जिसके भीतर यह आग सहज
उसके समक्ष ही विजय-ध्वज

उस पार प्रणय की बेला है
जीवन निस्स्पन्द अकेला है  

Tuesday, October 18, 2016

ग़ज़ल - 11

टूटे-टूटे दिल जुड़ते हैं
दहर में जब हम-तुम मिलते हैं

हम तुमसे क्यूँ हैं वाबस्ता
इश्क़ नहीं पर ग़म मिलते हैं

तुम हमपे क्यूँ इतनी अमादा
फ़लक में ही पंछी उड़ते हैं

बैरी क्यूँ है जहाँ तुम्हारा
काँटो में ही गुल खिलते हैं

ये कैसा एहसास-ए-तसादुम
शायद सदियों से हम मिलते हैं

शहर का शहर है यहाँ मुसाफ़िर
मंज़िल पर तो हम मिलते हैं

कोई किसी से नहीं यहाँ कम
अक्सर ख़ुदी से हम मिलते हैं 

Saturday, October 15, 2016

जाड़े की रात - नज़्म

जाड़े की रात
सब्ज़ पहाड़ों पर
ये दूधिया कोहरा
और सिमटता चाँद, बादलों के पीछे
मानो ठिठुर के अपने कम्बल में घुस रहा हो
और बोझल आँखों से ये कह रहा हो -
जाओ, तुम किसकी तलाश कर रहे हो
इन घनी वादियों में
इस गलन के मौसम में
मैं तुम्हे कुछ नहीं दे सकता
गर्मी भी नहीं, किरणें शीतल हैं मेरी
चमक शिथिल है अभी
कल आना।

पर मैं अडिग, चलता रहा
कहा उससे - एक संगी था
जीवन-पथ पर
मनरंगी था
कहीं बिछड़ गया है
ढूंढ़ रहा हूँ ।
चाँद हँसा
और हँसकर बोला -
ये रीत बहुत पुरानी है
संगी-साथी बेमानी है
कोई हरदम साथ नहीं देता  
ये ज़िद क्यों तूने ठानी है
ये सावन-रुत के साथी तो
पतझड़ तक साथ निभाते हैं
शरद-ऋतु आते-आते
सब बर्फीले हो जाते हैं
छोड़ो अब तुम ये व्यर्थ प्रयास
जो नहीं उसे पाने की कयास
ये देखो शृष्टि मनोरम है
सब राग-द्वेष इसमें सम हैं
ये नदी तुझे बुलाती है
पेड़ों की छाँव लुभाती है
और दूर कहीं तेरे घर में
इक माँ है, आस लगाती है
अब लौट जा इन अपनों में तू ,
अब अगले सावन आना। 

Sunday, August 7, 2016

ग़ज़ल - 10

नूर बरपे गली गली
जब वो महवश चली चली
रखे उसने फूलों पे कदम
दिल की ज़मीन पे गर्द उड़ी
उसके रुख़सार की नरमी जैसे
उगते सूरज पे कली खिली
उसका तबस्सुम, एक तसादुम
उसकी हया पे बर्क़ गिरी
उसकी हसी और उसकी बोली
कान में जैसे कूक पड़ी
अफ़्लाक सी आँखें, चाल मयूरी
शफ़क़ में लिपटी हूर-परी
उसकी कमर है जैसे झेलम
ज़ुल्फ़ों में फिरदौस मिली
मुझपे निगाहें एक इनायत
और है उसकी दरिया-दिली

ग़ज़ल - 9

दोराहे पर लाकर सवाल करती है
ज़िंदगी कैसे कमाल करती है
इक तरफ जमाल-ए-यार और इक तरफ बेबसी
या तो निढाल करती है या मलाल करती है
क्यूँ खुद-ब-खुद नहीं चुनती अपनी राह
ज़िंदगी अपनी मर्ज़ी पे बहाल करती है
कोई भी राह चुनो आख़िरकर
दुसरे की जुस्तजू खाल करती है
शाम का वक़्त और चाय की प्याली
ज़िंदगी फ़िलहाल अपना ख़याल करती है

Sunday, May 8, 2016

ग़ज़ल - 8

एक और वर्ष बीतने को है
पत्र कोई शाख से टूटने को है

जीवन की निरंतरता से बोझल होकर
ज़ेहन खुद अपनी आबरू लूटने को है

मंज़िल के पास जा रहे या दूर
ये भांडा अब फूटने को है

उसके पहलू से कुछ यूँ उठे हम
जैसे अश्रू नयन से छूटने को है

ज़िन्दगी कुछ यूँ तुनक-मिज़ाजी सी
जैसे प्रेयसी सजन से रूठने को है

भृकुटि-मध्य संध्या की लाली
जैसे सूरज पर्वतों में डूबने को है

एक ही बीज तो बोया था हमने
कोई और उसकी फ़स्ल लूटने को है

अकेले शेर - 4

हमने कभी न उनसे कही आतिश-ए-लब
बस उनके हिलते होंठों में अपना जवाब सुनते रहे

Wednesday, January 27, 2016

ग़ज़ल - 7

तुम कह भी दोगे, हम मान भी लेंगे
ये राज़ एक दिन मेरी जान भी लेंगे

तुम कौन हो इसका इल्म है मुझे
मैं कौन हूँ ये सब जान ही लेंगे

बस एक ही गिला है मुझे तुमसे
हम तुम्हे कभी ईमान से न लेंगे

दुनिया से छुपकर कोई कबतक जिया है
साये हैं कि उसके पहचान ही लेंगे